डेस्क :अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में पेट्रोल अभी भी सबसे सस्ता बिक रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची रहीं तो आने वाले समय में असर घरेलू बाजार पर भी पड़ सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार भारत में पेट्रोल की औसत कीमत करीब ₹101 प्रति लीटर है। वहीं नेपाल में पेट्रोल लगभग ₹137 प्रति लीटर, पाकिस्तान में ₹123, श्रीलंका में ₹134, चीन में ₹131 और म्यांमार में ₹147 प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है। इस तुलना में भारत अपने पड़ोसी देशों से काफी बेहतर स्थिति में नजर आ रहा है।
इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 93 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार कर रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और आपूर्ति संबंधी चिंताओं के चलते कच्चे तेल में तेजी देखी जा रही है।
देश की राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल ₹87.67 प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं कोलकाता, मुंबई और चेन्नई जैसे महानगरों में स्थानीय टैक्स के कारण कीमतें अधिक हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल और महंगा होता है, तो तेल कंपनियां आने वाले समय में कीमतों की समीक्षा कर सकती हैं। फिलहाल देशवासियों को पेट्रोल-डीजल के मोर्चे पर राहत जारी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

