डेस्क : संजय राउत ने शनिवार को राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर तीखा हमला बोला। राउत ने भाजपा को “बेशर्म पार्टी” बताते हुए उसकी तुलना महाभारत के पात्र बकासुर से की, जिसकी भूख कभी शांत नहीं होती।
मुंबई में आयोजित प्रेस वार्ता में राउत ने कहा कि भाजपा की राजनीति एक ही शब्द में समझी जा सकती है और वह है “बेशर्मी”। उन्होंने कहा कि जो नेता कल तक भाजपा को गुंडों, ठगों और भ्रष्ट लोगों की पार्टी बताते थे, वही आज उसी दल में शामिल हो गए हैं।
राउत ने कहा, “महाभारत में बकासुर नाम का राक्षस था, जिसकी भूख कभी खत्म नहीं होती थी। भाजपा अब बकासुरों की पार्टी बन चुकी है। ये लोग सब कुछ निगल जाते हैं।”
उन्होंने भाजपा में शामिल हुए नेताओं को “पेज थ्री नेता” बताते हुए कहा कि ये जननेता नहीं हैं, बल्कि सोशल मीडिया तक सीमित चेहरे हैं। राउत ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग भाजपा में गए हैं, वे जल्द ही समझ जाएंगे कि “नरक कैसा होता है।”
यह बयान उस घटनाक्रम के बाद आया है, जब आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने पार्टी से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।
दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में राघव चड्ढा ने घोषणा की कि राज्यसभा में पार्टी के दो-तिहाई सदस्य भाजपा में विलय का फैसला कर चुके हैं। इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने सभी सांसदों का स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे स्वाभाविक कदम बताया, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सभी सांसदों का स्वागत करते हुए “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की दिशा में काम करने का आह्वान किया।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
