डेस्क : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच शनिवार को भवानीपुर क्षेत्र में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी जनसभा बीच में ही समाप्त कर मंच छोड़ दिया। आरोप है कि सभा स्थल से करीब १०० मीटर दूरी पर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी की रैली चल रही थी, जहां से तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज आ रही थी।
बताया जा रहा है कि शोरगुल के कारण मुख्यमंत्री को संबोधन देने में परेशानी हो रही थी। इसी बीच उन्होंने मंच से भाजपा पर आरोप लगाया कि जानबूझकर उनकी सभा में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने समर्थकों से संक्षिप्त बातचीत की और सभा समाप्त कर दी।
ममता बनर्जी के मंच छोड़ने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी भी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।
घटना के बाद भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। भाजपा का कहना है कि उनकी रैली पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गई थी और किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने का उद्देश्य नहीं था।
भवानीपुर सीट पश्चिम बंगाल की राजनीति में महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में मतदान से पहले हुई इस घटना ने चुनावी मुकाबले को और अधिक चर्चित बना दिया है। राजनीतिक दल अब इस मुद्दे को लेकर एक-दूसरे पर हमलावर नजर आ रहे हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
