डेस्क : तेलंगाना में शनिवार को चारमीनार एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन यादाद्री भुवनगिरी जिले के अलेर रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के एस-5 कोच में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके कुछ ही पलों बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते कोच आग की तेज लपटों में घिर गया और उसे ‘भट्टी’ जैसा बताया जा रहा है।
आग लगते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों ने तत्काल चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई, जबकि कुछ यात्री स्थिति बिगड़ने से पहले ही कोच से बाहर निकल गए। घटना के दौरान ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को तुरंत रोक दिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे यह अन्य डिब्बों तक नहीं फैल सकी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
रेलवे प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
