वाशिंगटन में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर उस समय अचानक अफरा-तफरी में बदल गया जब कार्यक्रम के बीच गोलीबारी की आवाज़ों ने पूरे हॉल में दहशत फैला दी। घटना के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वीआईपी मौजूद थे, जिन्हें तत्काल सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम सामान्य रूप से चल रहा था और मेहमानों को भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान अचानक फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद पूरे हॉल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और एजेंटों ने सभी को नीचे झुकने और सुरक्षित रहने के निर्देश दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में सीक्रेट सर्विस के जवानों ने राष्ट्रपति ट्रंप और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को घेरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान कई लोग घबराहट में टेबलों के नीचे छिप गए, जबकि कुछ लोग बाहर की ओर भागते नजर आए।
घटना के बाद पूरे आयोजन स्थल को सुरक्षा बलों ने अपने नियंत्रण में ले लिया और परिसर को खाली करा दिया गया। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। यह जांच की जा रही है कि वह हथियार के साथ इतने उच्च सुरक्षा वाले कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचा।
घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने सीक्रेट सर्विस और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के कारण स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया।
इस घटना ने अमेरिका में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे समय में जब उच्चस्तरीय कार्यक्रमों में देश के शीर्ष नेता मौजूद हों।
सुरक्षा एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं और घटना के सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
