वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी के संदिग्ध को “कट्टर रूप से ईसाई-विरोधी” मानसिकता से प्रेरित बताया। उन्होंने यह टिप्पणी शुरुआती जांच रिपोर्ट और आरोपी के कथित मैनिफेस्टो के आधार पर की।
फॉक्स न्यूज़ को दिए बयान में ट्रंप ने कहा कि आरोपी के भीतर लंबे समय से गहरी नफरत थी। “उसके दिल में काफी समय से बहुत नफरत थी… यह एक धार्मिक मामला था। यह पूरी तरह ईसाई-विरोधी मानसिकता थी,” उन्होंने कहा।
ट्रंप ने आगे कहा, “वह व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान है। जब आप उसका मैनिफेस्टो पढ़ते हैं तो पता चलता है कि वह ईसाइयों से नफरत करता है। यह एक बात तय है… और मुझे लगता है कि उसकी बहन या भाई ने भी इसकी शिकायत की थी। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से भी शिकायत की थी। वह बेहद परेशान व्यक्ति था।”
यह घटना उस समय हुई जब वॉशिंगटन डी.सी. में वार्षिक व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर चल रहा था, जिसमें शीर्ष राजनेता, पत्रकार और अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक सुरक्षा अधिकारी इस कार्रवाई में घायल हो गया।
व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष वीजिया जियांग ने इस घटना को “डरावना क्षण” बताया और अमेरिकी सीक्रेट सर्विस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा, “हम हजारों मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं,” साथ ही घायल अधिकारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अमेरिकी कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि संदिग्ध का लक्ष्य ट्रंप प्रशासन के सदस्य हो सकते थे, हालांकि वास्तविक मकसद की जांच अभी जारी है।
आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है, जिसे सुरक्षा घेरा तोड़कर गोलीबारी करने के बाद काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
इस बीच ट्रंप ने नाटो पर भी फिर से सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिका गठबंधन पर भारी खर्च कर रहा है। उन्होंने कहा, “हम नाटो पर खरबों डॉलर खर्च करते हैं… वे हमारे बिना कुछ नहीं कर सकते।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
