डेस्क : ईरान ने अमेरिका के साथ तनाव कम करने और वार्ता को पुनः शुरू करने के लिए एक नया तीन-चरणीय कूटनीतिक प्रस्ताव सामने रखा है। इस प्रस्ताव में पहले चरण में युद्धविराम, दूसरे चरण में रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर बातचीत तथा तीसरे चरण में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा का प्रावधान शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, ईरान ने मध्यस्थों के माध्यम से यह संदेश दिया है कि वह व्यापक वार्ता के लिए तैयार है, लेकिन बातचीत एक क्रमबद्ध ढांचे और आपसी विश्वास के आधार पर ही आगे बढ़ाई जानी चाहिए।
पहले चरण में युद्धविराम की शर्त
प्रस्ताव के पहले चरण में ईरान ने सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाइयों को पूर्ण रूप से समाप्त करने पर जोर दिया है। इसमें क्षेत्रीय स्तर पर जारी तनाव और संघर्षों को रोकने की बात शामिल है। ईरान का कहना है कि स्थायी शांति के लिए संघर्षविराम अनिवार्य है।
दूसरे चरण में होर्मुज जलडमरूमध्य पर चर्चा
दूसरे चरण में होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण सामरिक और ऊर्जा मार्ग से जुड़े मुद्दों पर बातचीत का प्रस्ताव रखा गया है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है और यहां किसी भी प्रकार की अस्थिरता का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर पड़ता है।
तीसरे चरण में परमाणु वार्ता
तीसरे चरण में ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की बात कही है। अमेरिका लंबे समय से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंता जताता रहा है, जबकि तेहरान इसे शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बताया है।
ईरान के इस प्रस्ताव के बाद अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक हलकों में हलचल देखी जा रही है। विशेषज्ञ इसे वार्ता की प्रक्रिया को नए ढांचे में स्थापित करने की कोशिश मान रहे हैं, जिसमें पहले सुरक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर सहमति बनाने पर जोर दिया गया है।
अमेरिका की ओर से इस प्रस्ताव पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
