डेस्क : लद्दाख क्षेत्र से जुड़े लंबे समय से चल रहे राजनीतिक और संवैधानिक मुद्दों के समाधान की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बार फिर पहल तेज कर दी है। गृह मंत्रालय ने 22 मई को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें लद्दाख के प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी।
यह बैठक गृह मंत्रालय की उच्च स्तरीय सब-कमेटी के तहत आयोजित की जाएगी, जिसे लद्दाख के भविष्य को लेकर एक निर्णायक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इसमें लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस सहित प्रमुख प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य लद्दाख के लोगों की लंबे समय से लंबित मांगों पर विचार करते हुए एक स्थायी और व्यावहारिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ना है।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा होने की संभावना है, उनमें राज्य का दर्जा, संविधान की छठी अनुसूची के तहत विशेष संवैधानिक सुरक्षा, भूमि अधिकारों की रक्षा तथा स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार केवल संवाद तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि लद्दाख क्षेत्र के लिए एक दीर्घकालिक और स्थायी समाधान तैयार करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
संवाद प्रक्रिया को फिर मिली गति
गौरतलब है कि लद्दाख से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार और स्थानीय संगठनों के बीच वर्ष 2021 से संवाद की प्रक्रिया चल रही है, हालांकि बीच-बीच में यह वार्ता रुकती भी रही है। अब एक बार फिर इस प्रक्रिया को गति देने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय संगठनों की नजर बैठक पर
लद्दाख के विभिन्न संगठनों को इस बैठक से सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। उनका मानना है कि यदि केंद्र और स्थानीय प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनती है, तो यह क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है।
अब सभी की निगाहें 22 मई को होने वाली इस अहम बैठक पर टिकी हैं, जिसमें यह तय होगा कि लद्दाख मुद्दे के समाधान की दिशा में आगे की राह कितनी ठोस और स्पष्ट होती है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
