डेस्क : अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर कुनार प्रांत में सीमा पार से रॉकेट और मोर्टार हमले करने का गंभीर आरोप लगाया है। इन हमलों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल हैं।
अफगान अधिकारियों के अनुसार, असदाबाद और आसपास के कई क्षेत्रों में देर रात अचानक रॉकेट और मोर्टार दागे गए, जिससे रिहायशी इलाकों, बाजारों और शैक्षणिक संस्थानों को भारी नुकसान पहुंचा। स्थानीय प्रशासन ने इसे नागरिकों को निशाना बनाने वाली “सीमा पार आक्रामक कार्रवाई” बताया है।
वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसकी कार्रवाई केवल आतंकवाद-रोधी अभियानों तक सीमित है और किसी भी प्रकार की नागरिक आबादी को निशाना नहीं बनाया गया। इस्लामाबाद ने अफगानिस्तान के आरोपों को “भ्रामक और तथ्यहीन” करार दिया है।
घटना के बाद अफगानिस्तान ने काबुल स्थित पाकिस्तानी दूतावास के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। अफगान विदेश मंत्रालय ने कहा कि नागरिक क्षेत्रों पर हमला अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है और इससे क्षेत्रीय शांति को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है।
उधर, सीमा क्षेत्र में सुरक्षा हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में डूरंड लाइन पर कई बार गोलीबारी और संघर्ष की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा विवाद, आतंकवाद के आरोप-प्रत्यारोप और आपसी अविश्वास इस तनाव की प्रमुख वजह हैं। हाल की घटनाओं ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच शांति प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
