डेस्क : मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवक की हत्या का कारण बन गई। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों में विवाद और जलन के चलते युवक की हत्या की गई। मामले का खुलासा एक बच्चे की स्कूल कॉपी से हुआ, जो घटनास्थल पर मिली थी।
पुलिस के अनुसार राजस्थान निवासी पप्पू उर्फ वीरू जाट का शव रायसेन जिले में एक पुल के नीचे बोरे में बंद मिला था। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर टेप लगी हुई थी। घटनास्थल से मिले बैग और बच्चे की नोटबुक के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस बच्चे के स्कूल और फिर उसके परिवार तक पहुंची। बाद में उज्जैन से परिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रीना किरार नामक महिला की फेसबुक के जरिए पप्पू से दोस्ती हुई थी। इससे पहले महिला का अरुण पटेल नामक युवक से संबंध था। दोनों के बीच दूरी बनने के बाद रीना और पप्पू के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिससे अरुण नाराज था।
पुलिस के मुताबिक 29 अप्रैल को पप्पू को रीना के घर बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद अरुण और उसके साथी ने मिलकर बेसबॉल बैट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर पुल के नीचे फेंक दिया गया।
पुलिस ने मामले में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और बेसबॉल बैट बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
