गया : बिहार के गया जिले में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी पर पथराव की घटना सामने आई है। घटना उस समय हुई जब वह मंच से लोगों को संबोधित कर रहे थे। हालांकि इस हमले में उन्हें कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, खिजरसराय प्रखंड क्षेत्र में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उनके भाषण के दौरान अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने कार्यक्रम स्थल की ओर पत्थर फेंके। एक पत्थर मंच के निकट आकर गिरा, जबकि एक अन्य पत्थर सुरक्षा कर्मी को लगा। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में जीतन राम मांझी ने कहा कि कुछ लोग सामाजिक और विकास कार्यों से असंतुष्ट होकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से वह विचलित होने वाले नहीं हैं और जनता की सेवा का कार्य जारी रहेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में मांझी को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी भी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। ऐसे में ताजा पथराव की घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पथराव की घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
