डेस्क : उत्तर प्रदेश के आगरा में घरेलू विवाद ने बुधवार को खौफनाक रूप ले लिया। किशोरपुरा क्षेत्र में रहने वाले एक जूता कारीगर ने पहले अपनी पत्नी पर लोहे की सरिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और फिर खुद को आग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय इमरान उर्फ शानू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दिव्यांग था और करीब दस वर्ष पहले उसकी शादी जयपुर निवासी अफसाना से हुई थी। दंपति के छह बच्चे हैं, जिनमें से चार उनके साथ रहते थे। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले झगड़े के बाद अफसाना बच्चों को लेकर मायके चली गई थी और बुधवार को ही वापस लौटी थी।
जानकारी के अनुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि शानू ने पत्नी पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने अफसाना के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर फर्श पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तथा घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसके सिर में 25 टांके लगाए हैं और उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
इधर, पत्नी को अस्पताल ले जाए जाने के बाद शानू घर में ही रुका रहा। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा। जब लोग अंदर पहुंचे तो वह रसोई में जली हुई अवस्था में पड़ा मिला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। महिला के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
