नई दिल्ली : विपक्षी राजनीति में नए समीकरणों की अटकलों के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी को कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और कांग्रेस नेतृत्व के बीच हुई हालिया मुलाकातों के दौरान विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए कई प्रस्तावों पर विचार किया गया।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस और टीएमसी के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने की कोशिशें जारी हैं। हाल ही में ममता बनर्जी ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष Sonia Gandhi से मुलाकात की थी, जबकि अभिषेक बनर्जी ने Rahul Gandhi के साथ बैठक कर विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस में विलय या किसी औपचारिक संगठनात्मक प्रस्ताव की अटकलों को खारिज किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि दोनों दलों के बीच सहयोग और समन्वय बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है, लेकिन विलय या संरचनात्मक बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ व्यापक विपक्षी एकजुटता की आवश्यकता को देखते हुए कांग्रेस और टीएमसी के बीच निकटता बढ़ रही है। हालांकि ममता बनर्जी को कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने संबंधी दावों पर अभी तक न तो कांग्रेस और न ही टीएमसी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।
इस बीच, दोनों दलों के शीर्ष नेताओं की लगातार बैठकों ने विपक्षी राजनीति में संभावित नए समीकरणों को लेकर चर्चाओं को और बल दे दिया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
