डेस्क : घरेलू रसोई गैस और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों के बीच अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर घरेलू 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की तुलना में लगभग 2.47 गुना महंगा हो गया है। इसका सीधा असर होटल, रेस्तरां, मिठाई दुकानों, बेकरी और कैटरिंग व्यवसायों की लागत पर पड़ सकता है।
तेल विपणन कंपनियों ने हाल ही में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दाम में वृद्धि की थी। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम हालिया संशोधन के बाद 942 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर तक पहुंच गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में वृद्धि का असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। होटल, ढाबे, रेस्तरां और खाद्य व्यवसायों की परिचालन लागत बढ़ने से भोजन, मिठाई, चाय-नाश्ता और अन्य खाद्य सेवाओं के दाम बढ़ सकते हैं।
दूसरी ओर, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी हाल ही में 29 रुपये की वृद्धि की गई है। राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलेंडर अब 942 रुपये में उपलब्ध है। यह पिछले तीन महीनों में घरेलू एलपीजी की दूसरी बड़ी वृद्धि मानी जा रही है।
ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि वैश्विक बाजार में ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव, आपूर्ति संबंधी चिंताएं और भू-राजनीतिक परिस्थितियां एलपीजी की कीमतों को प्रभावित कर रही हैं। इसके चलते घरेलू और व्यावसायिक दोनों श्रेणियों में गैस उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव देखने को मिल रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
