स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने श्रीलंका में चल रही त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारत ए टीम में तेज गेंदबाज युधवीर सिंह चारक के स्थान पर अशोक शर्मा को शामिल किया है। युधवीर कंधे की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
अशोक शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उनकी तेज गति और आक्रामक गेंदबाजी को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें भारत ए टीम में शामिल करने का फैसला किया है। वह श्रीलंका पहुंच चुके हैं और 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए चयन के उपलब्ध रहेंगे।
बीसीसीआई के अनुसार, युधवीर सिंह को 13 जून को गेंदबाजी के दौरान दाएं कंधे में दर्द महसूस हुआ था। इससे पहले भी उन्हें फील्डिंग के दौरान परेशानी हुई थी। चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञों की सलाह के बाद उन्हें बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) कार्यक्रम से गुजरने की सलाह दी गई है।
त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत ए की गेंदबाजी इकाई अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है, जिसके कारण टीम को महत्वपूर्ण मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में अशोक शर्मा के शामिल होने से तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारत ए टीम ने अब तक खेले गए तीन मैचों में केवल एक जीत दर्ज की है। हालांकि टीम के पास अभी भी फाइनल में पहुंचने का अवसर है। इसके लिए उसे अफगानिस्तान ए के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करने के साथ नेट रन रेट में भी सुधार करना होगा।
भारत ए की संशोधित टीम में तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियंश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय और अशोक शर्मा शामिल हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत