डेस्क : उत्तराखंड के चमोली ज़िला स्थित कर्णप्रयाग में शनिवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब सिख समुदाय से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कुल सात लोग घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब से लौट रहे सिख श्रद्धालु सुबह करीब 10 बजे कर्णप्रयाग पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद की शुरुआत पार्किंग को लेकर हुई बताई जा रही है। कुछ अन्य स्थानीय लोगों का कहना है कि एक होटल में भोजन करने के बाद बिल भुगतान को लेकर शुरू हुई बहस ने तूल पकड़ लिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
स्थिति उस समय गंभीर हो गई जब आरोप है कि सिख श्रद्धालुओं के एक समूह ने तलवारें निकाल लीं और हमला कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों और दूसरे पक्ष के बीच भी झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं।
कर्णप्रयाग के थाना प्रभारी विनोद थपलियाल के अनुसार, कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें तीन से चार स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। इसका असर बदरीनाथ यात्रा पर भी पड़ा है, जहां यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। कर्णप्रयाग और आसपास के क्षेत्र में करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिससे हजारों तीर्थयात्री फंस गए हैं।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया जा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत