नई दिल्ली : भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों के लिए मौसम को लेकर महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 28 जून को उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। कहीं भारी बारिश, तो कहीं तेज गर्मी और उमस लोगों को प्रभावित कर सकती है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पटना, कटिहार, मोतिहारी सहित कई इलाकों में सक्रिय मानसून प्रणाली के कारण मौसम तेजी से बदल सकता है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल सकता है। कुछ क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं से राहत मिलने के आसार हैं, जबकि अन्य इलाकों में गर्म हवाओं और उमस का प्रभाव बना रह सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने से तापमान में मामूली गिरावट संभव है, हालांकि उमस और गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना अभी कम बनी हुई है।
वहीं पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इन राज्यों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने कहा है कि सक्रिय मानसून प्रणाली और विभिन्न मौसमी परिस्थितियों के चलते आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत