डेस्क : महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के कथित पेपर लीक होने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र और महाराष्ट्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाएं देश के युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला हैं और सरकार परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में कहा कि हर पेपर लीक और हर रद्द होने वाली परीक्षा लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेहनत करने वाले छात्रों को उनकी मेहनत का फल नहीं, बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था की सजा मिल रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ अब सामान्य होता जा रहा है और इसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं का विश्वास बहाल करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है, क्योंकि बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाएं करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा 28 जून को आयोजित होनी थी, लेकिन भिवंडी में पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित रूप से प्रश्नपत्र लीक होने के संकेत मिलने के बाद परीक्षा स्थगित कर दी गई। मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। राज्य परीक्षा परिषद ने कहा है कि परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत