डेस्क : देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) सितंबर 2026 में लॉन्च हो सकता है। इसके लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से अगले महीने मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। मंजूरी मिलने के बाद आईपीओ लाने की प्रक्रिया तेज हो जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार, एनएसई का यह आईपीओ भारत के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकता है। बताया जा रहा है कि इसका आकार करीब 30 हजार करोड़ रुपये तक हो सकता है। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) आधारित होगा, जिसमें कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
एनएसई की लिस्टिंग का बाजार लंबे समय से इंतजार कर रहा है। इसके सूचीबद्ध होने से निवेशकों को शेयरों की पारदर्शी कीमत तय होने का लाभ मिलेगा, वहीं मौजूदा निवेशकों को भी अपनी हिस्सेदारी बेचने का अवसर प्राप्त होगा। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि एनएसई का आईपीओ भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक साबित हो सकता है।
अब निवेशकों की नजर सेबी की मंजूरी और कंपनी की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है। यदि सभी प्रक्रियाएं तय समय पर पूरी होती हैं तो सितंबर में यह बहुप्रतीक्षित आईपीओ बाजार में दस्तक दे सकता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत