डेस्क : पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी नेतृत्व ने स्थिति संभालने की कोशिश तेज कर दी है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद दावा किया कि पार्टी में सब कुछ ठीक है और कांग्रेस एकजुट होकर आगे बढ़ रही है।
भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई नेताओं से बातचीत की। इन मुलाकातों को पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को दूर करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, पंजाब कांग्रेस में पिछले दिनों संगठन और नेतृत्व को लेकर नाराजगी के संकेत सामने आए थे। कुछ नेताओं की ओर से प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की मांग उठने के बाद पार्टी के भीतर सियासी चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसे लेकर कांग्रेस हाईकमान भी सक्रिय नजर आ रहा है।
बघेल ने नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी में संवाद की प्रक्रिया चल रही है और सभी नेता मिलकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस अपने मौजूदा नेतृत्व के साथ ही राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी।
वहीं, राजा वड़िंग और चन्नी गुट के बीच चल रही खींचतान को लेकर पार्टी लगातार संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस नेतृत्व की प्राथमिकता है कि आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने से पहले संगठन के अंदर एकजुटता कायम की जाए।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ विपक्ष की भूमिका मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी के लिए कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने नेताओं के बीच तालमेल बनाए रखना है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत