डेस्क : होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव मंगलवार को और गहरा गया। ईरान द्वारा दक्षिणी होर्मुज क्षेत्र में दो तेल टैंकरों पर किए गए मिसाइल हमले में एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई, जबकि छह अन्य भारतीय घायल बताए जा रहे हैं। हमले में यूक्रेन के दो नागरिक भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, होर्मुज के दक्षिणी छोर पर ओमान के समुद्री क्षेत्र के निकट यूएई के ध्वज वाले ‘मोंबासा’ और ‘बाहिया’ नामक टैंकरों को क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया। हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई और उन्हें भारी नुकसान पहुंचा। इस घटना में कुल आठ लोगों के घायल होने की सूचना है।
यूएई ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया है। यूएई सरकार ने कहा कि वह अपनी सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। साथ ही नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।
वहीं ईरान का दावा है कि केवल उन जहाजों को निशाना बनाया जा रहा है जो “गलत मार्ग” से संचालित हो रहे हैं। ईरानी सरकारी मीडिया का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य अमेरिकी हितों से जुड़े जहाज थे।
इस घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में हाल ही में अमेरिका द्वारा ईरान के लगभग 140 सैन्य ठिकानों पर किए गए हवाई हमले हैं। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत, कतर और यूएई सहित खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया।
इधर अमेरिकी सेना ने ईरान के बंदर अब्बास, केश्म द्वीप, खुजेस्तान प्रांत, अहवाज, अंदीमेश्क तथा होर्मुज के निकट स्थित फारुर द्वीप पर भी हमले किए हैं। ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, इन क्षेत्रों में लगातार सैन्य कार्रवाई जारी है।
लगातार बढ़ते सैन्य संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने के कारण कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में फिर उछाल दर्ज किया गया है।
इस बीच अमेरिकी रक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान के खिलाफ मौजूदा सैन्य अभियान इसी गति से जारी रहा तो अमेरिका के प्रमुख हथियार भंडार पर दबाव बढ़ सकता है। इससे भविष्य में अन्य वैश्विक संघर्षों से निपटने की उसकी क्षमता को लेकर भी चिंताएं गहराने लगी हैं।
स्रोत : विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत