मधेपुरा:एसएच 91 पर कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के पास शुक्रवार देर रात कार व बोलेरो वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में बारात में शामिल होने जा रहे तीन युवकों की मौत हो गयी। जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक का पटना में इलाज चल रहा है। बारात जिले के खोपैती गांव से सुपौल के राजेश्वरी जा रही थी। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक मधेपुरा शहर के अलग-अलग मोहल्ला के रहने वाले थे।
आजाद टोला निवासी श्रवण कुमार के मित्र वसंत सिंह के पुत्र की बारात शुक्रवार की शाम को राजेश्वरी जाने के लिए निकली थी। बारात में श्रवण कुमार परिवार के साथ आमंत्रित थे। वह अपने मित्रों के साथ अलग गाड़ी से बारात में शामिल हुए। जबकि उनका पुत्र अभिषेक कुमार ऊर्फ सोनू (26) अपने तीन दोस्तों के साथ टियागो कार में सवार होकर बारात में शामिल होने जा रहे थे। देर रात करीब करीब साढ़े 11 बजे लक्ष्मीपुर गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार बोलेरो की कार से टक्कर हो गयी।
भीषण दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अभिषेक कुमार उर्फ सोनू (26), वार्ड नंबर नौ निवासी संजीव झा के पुत्र केशव कुमार (25) और नगर परिषद वार्ड नंबर 14 निवासी कृत नारायण यादव के पुत्र दिलखुश कुमार (25) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं कार में सवार मिट्ठू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में बोलेरो सवार एक व्यक्ति भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिट्ठू की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पटना के आईजीएमएस में उसका इलाज चल रहा है।
कुमारखंड थानाध्यक्ष प्रमोद प्रसाद ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

