रामपुर:विशेष कोर्ट से फरार घोषित होने और हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने पर फिल्म अभिनेत्री एवं पूर्व सांसद जयाप्रदा नाहटा सोमवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में हाजिर हुईं। जहां, उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में लिया गया। जया प्रदा को सवा तीन घंटे तक न्यायिक हिरासत में रखने के बाद मेडिकल ग्राउंड पर उनका रीकॉल प्रार्थना पत्र मंजूर करते हुए मुचलका पाबंद कर रिहा कर दिया। फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने रामपुर से 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ा था। इस दौरान उनके खिलाफ केमरी और स्वार थाने में आचार संहिता उल्लंघन की एफआईआर दर्ज हुई थीं। इनका ट्रायल एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रहा है।
कोर्ट में लगातार अनुपस्थिति के चलते उन्हें सात बार गैर जमानती वारंट जारी हुए थे, साथ ही पिछली तारीख पर कोर्ट ने उनके खिलाफ सीआरपीसी की धारा 182 की कार्रवाई करते हुए फरारी नोटिस जारी किया था और पुलिस को आदेश दिया था कि जयाप्रदा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करें। हालांकि, जयाप्रदा इस मामले में हाईकोर्ट भी पहुंचीं लेकिन, वहां उन्हें कोई राहत नहीं मिली।
जया प्रदा सोमवार को अपने अधिवक्ताओं के साथ रामपुर स्थित एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश हुईं। जहां उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में ले लिया गया। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी ने बताया कि जयाप्रदा की ओर से मेडिकल सर्टीफिकेट दिया गया। कोर्ट को बताया गया कि वह बीमार थीं, इसलिए नहीं आ सकीं। उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से रीकॉल प्रार्थना पत्र दाखिल किया। जिसे मेडिकल ग्राउंड पर स्वीकार कर आदेशिकाएं वापस लीं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
