नई दिल्ली:भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने इंग्लैंड के खराब प्रदर्शन पर जमकर लताड़ लगाई है। शनिवार को इंग्लैंड की टीम ने धर्मशाला में खेले गए टेस्ट मैच को पारी और 64 रनों से गंवाया। सहवाग का मानना है कि भारतीय टीम ने जिस स्तर का खेल खेला उसके सामने इंग्लैंड की टीम टिक नहीं सकी। उन्होंने कहा कि दूसरे टेस्ट के बाद इंग्लैंड की टीम को कुछ समझ नहीं आया।
वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट करके लिखा, ”बैजबॉल, बत्ती गुल, इंग्लैंड की टीम उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल सकी और दूसरे टेस्ट के बाद पूरी तरह बेअसर दिखे। कप्तान के बुरी तरह असफल होने से उनकी मुसीबतें और बढ़ गईं और ऐसा लग रहा था जैसे वे भ्रम में जी रहे हैं। इंग्लैंड के पास इस मेथड को सफल करने के लिए कोई उपाय नहीं था।”
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का बल्ला पहले मैच में चला था लेकिन उसके बाद वह लगातार फ्लॉप रहे। बेन स्टोक्स ने 5 मैचों में 19.90 के औसत से 199 रन बनाए, इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 70 रन रहा। स्टोक्स ने पांचवें टेस्ट के बाद कहा, ”हमें सीरीज में बेहतर टीम ने पछाड़ दिया। हमें आने वाले समय में काफी क्रिकेट खेलना (न्यूजीलैंड और पाकिस्तान सीरीज) है, जिसका हमें इंतजार है। जब आप इंडिया सीरीज को देखें तो हम छोटे-छोटो मोमेंट्स को बरकरार नहीं रख सके। हम सभी व्यक्तिगत रूप से जानते हैं कि गलती कहां हुई। हम इस सीरीज से पॉजिटिव लेकर जाएंगे।”
भारत ने पांचवें टेस्ट के तीसरे दिन ही इंग्लैंड को पारी और 64 रन से करारी शिकस्त दी। भारत ने इस तरह से पांच मैच की श्रृंखला 4-1 से जीती।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
