लखनऊ:बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने शुक्रवार को अखिलेश की सपा से रिश्ते बिगड़ने से लेकर अगली सरकार में उनकी पार्टी की भूमिका पर खुलकर बात कही। आकाश आनंद ने कहा कि मायावती इस्तेमाल करना अच्छे से जानती हैं। लोकसभा चुनाव बाद अगर सरकार बनाने के लिए सपा, भाजपा या कांग्रेस की जरूरत पड़ी तो हम उनका इस्तेमाल करेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा ने एक साथ मिलकर लड़ा था। इसके बाद दोनों की राहें क्यों अलग हो गईं इस पर भी आकाश आनंद ने खुलकर बोला है। एएनआई से बातचीत में यह भी बताया कि अखिलेश से मायावती का रिश्ता क्यों खराब हुआ है।
आकाश आनंद ने कहा कि कोई भी रिश्ता तब खराब होता है जब आप कमिंटमेंट पूरा नहीं कर पाते हैं। अगर उन्होंने (अखिलेश) जुबान दी है तो उस पर डटे रहना चाहिए था। मायावती और मुलायम में तीन दशक पहले हुए गठबंधन पर बातचीत शुरू करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि मुलायम सिंह को एक राजनीतिक होने या उनकी राजनीति पर कोई कमेंट नहीं करूंगा। मैं केवल उनका बहन जी से रिश्ते पर ही कुछ कह सकूंगा। कहा कि यह रिश्ता लव और हेट का है। उस समय जो भी किया गया गलत था। एक स्टेज पर आकर उसकी माफी भी दे दी गई। आकाश आनंद का इशारा गेस्ट हाउस कांड की तरफ था।
आकाश आनंद ने कहा कि अगर आप छोटे हैं तो बड़ों से कैसे बात करना है इसकी तमीज होनी चाहिए। मुलायम सिंह का उदाहरण देते हुए आकाश ने कहा कि अगर आज वह होते और मैं उनसे बदतमीजी करूंगा तो कोई बर्दाश्त नहीं करेगा। न उनके घर पर और न ही मेरे घर पर यह बर्दाश्त किया जाएगा। इसी तरह अखिलेश अगर बदतमीजी करेंगे तो बहन जी बर्दाश्त नहीं करेंगी। हमारा समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। अखिलेश ने जो बदतमीजी की और अपने कमिटमेंट को पूरा नहीं किया उसने ही रिश्ते को खराब किया है।
सपा-बसपा के बीच अब दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं? इस सवाल पर आकाश आनंद ने कहा कि राजनीति में दरवाजे कभी बंद नहीं होते हैं। मायावती जी इस्तेमाल करना बहुत अच्छे से जानती हैं। अखिलेश की समाजवादी पार्टी हो या नरेंद्र मोदी की भाजपा या सोनिया गांधी की कांग्रेस पार्टी हो। अगर हमें अपनी सरकार बनाने के लिए जहां पर भी उनकी जरूरत होगी हम उनका इस्तेमाल जरूर करेंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
