मुंगेर:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर लालू एवं तेजस्वी यादव की आरजेडी पर निशाना साधा है। मुंगेर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि 2005 से लेकर अब तक काम हमने किया है, तो वोट वो (आरजेडी) ले जाएंगे क्या। वे जाति के आधार पर वोट मांग रहे हैं। नीतीश ने लोगों से कहा कि वे जाति को देखकर नहीं बल्कि काम के आधार पर वोट डालें। पीएम नरेंद्र मोदी ने जेडीयू प्रत्याशी ललन सिंह के समर्थन में मुंगेर में शुक्रवार को एनडीए की रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी से पहले मुख्यमंत्री नीतीश ने मंच से भाषण दिया।
नीतीश कुमार ने आरजेडी शासन काल के पुराने दौर की याद दिलाते हुए कहा कि पहले लोगों को काफी परेशानी होती थी। 2005 में जब वह सत्ता में आए तो हालात बदल गए। बीते 10 सालों में मोदी सरकार के साथ बिहार का तेजी से विकास हुआ। उन्होंने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2005 से पहले 15 साल आरजेडी और फिर उससे पहले कांग्रेस को मौका मिला था। मगर उन्होंने कुछ काम नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बीच में एक-दो बार उन्होंने लालू एवं तेजस्वी यादव को मौका दिया, मगर वे गड़बड़ करने लगे तो फिर से हटा दिया। ये दाएं-बाएं करके धंधा करने की बात करते हैं। इनका मकसद सिर्फ अपनी कमाई करना है। सीएम ने लालू यादव का नाम लिए बिना परिवारवाद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग अपने बाल-बच्चों को आगे बढ़ा रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा नहीं किया और ना ही मैंने कभी अपने परिवार वालों को आगे बढ़ाया।
मुंगेर से आरजेडी प्रत्याशी अनिता देवी पर सवाल उठाते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि महागठबंधन ने जाति के आधार पर यहां कैंडिडेट उतारा है। मौजूदा सांसद एवं जेडीयू उम्मीदवार ललन सिंह ने क्षेत्र में खूब काम किया। सारा काम हम लोगों ने किया और ये लोग जाति के आधार पर वोट मांग रहे हैं। बता दें कि अनिता देवी डॉन अशोक महतो की पत्नी हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
