तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की अटकलों ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अन्नामलाई ने भाजपा नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंपने का फैसला कर लिया है और इस संबंध में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात भी की है।
सूत्रों का दावा है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा के प्रमुख दक्षिण भारतीय चेहरों में शामिल अन्नामलाई पिछले कुछ समय से पार्टी की रणनीति और तमिलनाडु में गठबंधन राजनीति को लेकर असहज थे। विशेष रूप से अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) के साथ भाजपा के गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर उनकी नाराजगी की चर्चाएं लंबे समय से राजनीतिक गलियारों में चल रही थीं।
बताया जा रहा है कि अन्नामलाई ने नई दिल्ली में भाजपा नेतृत्व से मुलाकात कर अपने भविष्य की राजनीतिक योजनाओं पर चर्चा की है। हालांकि उनकी ओर से अब तक किसी औपचारिक इस्तीफे या नई पार्टी के गठन की सार्वजनिक घोषणा नहीं की गई है। अन्नामलाई ने हाल ही में मीडिया के सवालों के जवाब में कहा था कि वह दो दिन बाद इस विषय पर विस्तार से बात करेंगे, जिससे अटकलों को और बल मिला।
राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि अन्नामलाई भविष्य में एक नए राजनीतिक मंच या क्षेत्रीय दल की शुरुआत कर सकते हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वह तमिलनाडु की राजनीति में एक नए विकल्प के रूप में स्वयं को स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं।
यदि अन्नामलाई वास्तव में भाजपा से अलग होते हैं तो इसे तमिलनाडु की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जाएगा। दक्षिण भारत में भाजपा के विस्तार अभियान के दौरान अन्नामलाई को पार्टी का आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा माना जाता रहा है। ऐसे में उनका संभावित प्रस्थान भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकता है।
फिलहाल भाजपा और अन्नामलाई, दोनों की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सभी की नजरें आगामी दिनों में होने वाले घटनाक्रमों पर टिकी हुई हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत