डेस्क:राजधानी के करणी विहार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक रिटायर्ड बैंककर्मी, उसकी पत्नी और बेटा मृत पाए गए। परिवार किराए के मकान में रह रहा था। मकान मालिक ने बताया “रूपेंद्र शर्मा रोज सुबह 5 बजे उठ जाते थे, पानी भरते और साफ-सफाई करते थे। आज जब सुबह 8 बजे तक दरवाजा नहीं खुला तो कुछ गड़बड़ का एहसास हुआ।”
करीब दो साल से रामगोपाल शर्मा के मकान में रहने वाला यह परिवार बेहद शांत और सादा जीवन जी रहा था। किसी से झगड़ा नहीं, कोई विवाद नहीं। लेकिन शनिवार की सुबह उस घर के भीतर जो दृश्य मिला, उसने पूरे मोहल्ले को हिला दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गेट अंदर से बंद था, लेकिन मेन गेट खुला मिला। गेट तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई तो मेन गेट के पीछे बेटे पुलकित (32) की लाश मिली। हॉल में रूपेंद्र शर्मा (63) का शव था और कमरे में पत्नी सुशीला शर्मा (58) मृत पड़ी मिलीं। तीनों ने विषाक्त पदार्थ खाने की आशंका जताई गई है।
कमरे के टेबल पर एक पन्ने का अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट मिला। उसमें एक परिचित व्यक्ति पर परेशान करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने नोट को जब्त कर लिया और उसी के आधार पर परिजनों की रिपोर्ट दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, रूपेंद्र शर्मा राजस्थान बैंक में अकाउंटेंट थे। कुछ साल पहले उन्होंने वीआरएस ले ली थी। पत्नी सुशीला हाउसवाइफ थीं और बेटा पुलकित एक निजी बैंक में नौकरी करता था। पुलिस का कहना है कि रूपेंद्र लंबे समय से मानसिक दबाव में थे। परिजनों ने भी बताया कि एक परिचित के साथ किसी विवाद ने उन्हें गहरे तनाव में डाल दिया था।
मकान मालिक रामगोपाल शर्मा ने बताया, “पूरा परिवार बेहद अच्छा था। रूपेंद्र जी रोज सुबह 5 बजे उठते, पानी भरते, घर साफ करते। उनकी आदतें इतनी नियमित थीं कि जब आज सुबह दरवाजा बंद मिला तो दिल बैठ गया। फोन किया, आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।”
पड़ोसी बताते हैं कि पुलकित शांत स्वभाव का युवक था। काम से लौटने के बाद कभी-कभी बच्चों से खेलता या माता-पिता के साथ टहलने निकलता। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह परिवार भीतर इतना तनाव झेल रहा था।
करीबी रिश्तेदारों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से रूपेंद्र तनाव में थे, लेकिन परिवार के बाहर किसी से उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा। एक रिश्तेदार ने बताया “पिछले हफ्ते फोन पर बात हुई थी। बोले सब ठीक है। पर अब समझ आता है कि वो सिर्फ दिखाने के लिए बोल रहे थे।”
थाना प्रभारी हवा सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट अंग्रेजी में लिखा गया है और उसमें एक परिचित व्यक्ति पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
