स्पोर्ट्स डेस्क: एशिया कप 2025 की चैंपियन भारतीय टीम अब तक अपनी ट्रॉफी से वंचित है। यह टूर्नामेंट सितंबर में खेला गया था, लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद टीम इंडिया को ट्रॉफी नहीं मिली है।
एशिया कप की ट्रॉफी फिलहाल एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी के पास है, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के भी चेयरमैन हैं। लगातार उनसे ट्रॉफी को लेकर सवाल किए जा रहे हैं, लेकिन उनका जवाब हमेशा गोल-मोल रहता है। भारतीय मीडिया ने तो उन्हें मजाक में “ट्रॉफी चोर” तक कह डाला है।
हाल ही में कराची में मीडिया से बातचीत के दौरान, जब उनसे पूछा गया कि ट्रॉफी अभी कहां है, तो उन्होंने कहा, “जहां भी है, सुरक्षित है।” गौरतलब है कि हाल ही में हुई ICC बोर्ड मीटिंग में भी इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई, और बीसीसीआई ने भी इसे एजेंडा में शामिल नहीं किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रॉफी का मुद्दा ICC मीटिंग में शामिल ही नहीं था, इसलिए इसे सुलझाने की संभावना भी कम दिखी।
क्यों नहीं मिली भारत को ट्रॉफी?
28 सितंबर को दुबई में एशिया कप 2025 के फाइनल के बाद भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं गए। मोहसिन नकवी, जो पाकिस्तान सरकार में भी मंत्री हैं और भारत के खिलाफ कई बार बयान दे चुके हैं, ट्रॉफी अपने साथ लेकर चले गए। बीसीसीआई बार-बार दावा कर चुका है कि ट्रॉफी जल्द भारत को दी जाएगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो पाया।
बताया जाता है कि ट्रॉफी एसीसी के दुबई कार्यालय में सुरक्षित लॉक में रखी है, और उसका एक्सेस केवल मोहसिन नकवी के पास है। भारतीय टीम और क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह इंतजार अब लंबा खिंचता जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

