डेस्क : भारत के निशानेबाजों ने मिस्र की राजधानी काहिरा में चल रहे अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ जूनियर विश्व कप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में शांभवी क्षीरसागर और दिव्यांशु देवांगन की जोड़ी ने 499.9 अंकों के जूनियर विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
इस जोड़ी ने इससे पहले क्वालीफिकेशन दौर में 632.0 के संयुक्त स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। चीनी ताइपे की चाई चिए-यिंग और चेन यू-आन की जोड़ी ने 498.3 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि फ्रांस की टिफेन पोमेस और गैस्पार्ड लेस्योर की जोड़ी 434.4 अंकों के साथ कांस्य पदक पर रही।
पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर स्पर्धा में समीर ने 573 अंकों के साथ फाइनल में जगह बनाई और क्वालीफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया। फ्रांस के अरनॉ गमालेरी ने 589 अंकों के साथ टॉप किया, जो जूनियर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी थी। फाइनल में समीर सातवें स्थान पर रहे, जबकि गमालेरी ने 29 हिट के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भारत ने अब तक इस जूनियर विश्व कप में कुल 12 पदक जीत लिए हैं और पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। इनमें 4 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में अभी दो दिन शेष हैं और छह स्वर्ण पदक दांव पर हैं।
इससे पहले दिन में प्राची गायकवाड़ ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन (3पी) जूनियर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 354.6 अंकों के साथ व्यक्तिगत न्यूट्रल एथलीट दार्या चुप्रिस (354.4 अंक) को बेहद करीबी मुकाबले में हराया। एलेना क्रेटिनिना ने 343.3 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल जूनियर स्पर्धा में नरेन प्रणव ने भी 229.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतकर भारत के खाते में एक और पदक जोड़ा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
