नई दिल्ली:दिल्ली पुलिस ने शनिवार को राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के आरोपी बिभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली के सीएम केजरीवाल के पीए की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली में सियासी माहौल गर्म है। इस समूचे प्रकरण पर पहली बार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। केजरीवाल ने शनिवार शाम को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि आप देख सकते हैं कि वे किस तरह से AAP के पीछे पड़े हैं। वे (पीएम मोदी) एक-एक कर के AAP के नेताओं को गिरफ्तार कर रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहूंगा कि आप यह ‘जेल का खेल’ खेल रहे हैं। कल मैं अपने सभी शीर्ष नेताओं, विधायकों, सांसदों के साथ दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय आ रहा हूं। आप जिसे चाहें जेल में डाल सकते हैं…
AAP के पीछे पड़े हैं पीएम मोदी
अरविंद केजरीवाल ने कहा- आप लोग देख रहे हैं कि वे किस तरह से AAP के पीछे पड़ गए हैं। एक के बाद एक हमारे नेताओं को जेल में डाल रहे हैं। पहले मुझको जेल में डाल दिया, मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया। सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया। संजय सिंह को जेल में डाल दिया। आज मेरे पीए को जेल में डाल दिया। राघव चड्ढा लंदन से लौटे हैं अब कह रहे हैं कि उन्हें भी जेल में डाल देंगे। थोड़े दिन में सौरभ भारद्वाज आतिशी को जेल में डाल देंगे।
हमारा क्या कसूर?
केजरीवाल ने आगे कहा- मैं सोच रहा था कि ये लोग हम सब को जेल में क्यों डाल रहे हैं। हमारा कसूर क्या है। हमारा कसूर ये है कि गरीब बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम किया, सरकारी स्कूल अच्छा बना दिया। ये नहीं बना सकते हैं, इसलिए यह सरकारी स्कूलों को ठीक करने से रोकना चाहते हैं। हमारा कसूर ये है कि हमने दिल्ली के अंदर अच्छे अस्पताल बनाए, मोहल्ला क्लीनिक बनाए, मुफ्त और अच्छे इलाज का इंतजाम किया। ये नहीं कर पा रहे हैं इसलिए दिल्ली के अस्पतालों को मोहल्ला क्लीनिक में इलाज को रोकना चाह रहे हैं। हमारा कसूर ये है कि पहले दिल्ली में 10-10 घंटे बिजली के पावर कट लगते थे, अब 24 घंटे मुफ्त बिजली दे रहे हैं।
केजरीवाल ने सीधे पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा- मैं प्रधानमंत्री को बोलना चाहता हूं, प्रधानमंत्री जी जेल-जेल का खेल-खेल रहे हो। कभी किसी को जेल में डालते तो कभी किसी को… मैं कल 12 बजे अपने सभी बड़े नेताओं के साथ, भाजपा मुख्यालय आ रहा हूं, जिस-जिस को जेल में डालना चाह रहे हो, उन्हें जेल में डाल दो। यदि आप सोच रहे हैं कि आप एक-एक नेता को जेल में डालकर आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे तो आप गलत सोच रहे हैं। आम आदमी पार्टी एक विचार है। आप इसको खत्म नहीं कर सकते हैं। आप जितने AAP नेताओं को जेल में डालेंगे, उससे 100 गुना नेता पूरे देश में पैदा होंगे। कल 12 बजे आ रहा हूं जिसे जेल में डालना है डाल दो।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

