नई दिल्ली: नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने शनिवार को क्षेत्रीय समस्याओं के लिए क्षेत्रीय समाधानों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र में समसामयिक चुनौतियों से निपटने के लिए समान सोच वाले देशों के बीच मुद्दों पर आधारित आपसी बातचीत जरूरी है। हम क्षेत्रीय समस्याओं के लिए क्षेत्रीय समाधानों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
रायसीना डायलॉग के एक सत्र को संबोधित करते हुए एडमिरल हरि कुमार ने भारत के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि छोटे समूहों और क्षेत्रीय ढांचे में काम करना विश्वास बनाने और समग्र परिणाम प्राप्त करने में बहुत मददगार है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भारत की नीति सम्मान, संवाद, शांति और समृद्धि के सिद्धांतों पर आधारित है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सागर ( सिक्योरिटी एंड ग्रोथ फॉर ऑल इन द रीजन यानी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास) दृष्टिकोण को प्रदर्शित करती है।
समुद्री क्षेत्र में चुनौतियों से निपटने के लिए भागीदार देशों के साथ काम करने के भारतीय दृष्टिकोण से जुड़े एक सवाल के जवाब में एडमिरल कुमार ने कहा कि किसी भी एक राष्ट्र द्वारा इससे अकेले नहीं निपटा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सहयोग जरूरी है। यह एक ऐसी चीज है, जिसके लिए हम समुद्री क्षेत्र में हमेशा तत्पर रहते हैं कि कैसे सहयोग करना है और कैसे एक साथ काम करना है। चुनौतियों से निपटना है।
इस मौके पर अमेरिका के हिंद-प्रशांत कमांडर एडमिरल जान एक्विलिनो, ब्रिटिश नौसेना प्रमुख एडमिरल बेन के और जापान के रक्षा मंत्रालय के प्रमुख जनरल कोजी यामाजाकी भी मौजूद रहे।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

