मुंबई:पूर्व सांसद और मशहूर फिल्म स्टार गोविंदा एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल हो गये हैं। गोविंदा को मुंबई-उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से शिवसेना यूबीटी के अमोल कीर्तिकर के मुकाबले मैदान में उतारा जा सकता है। 2004 के लोकसभा चुनाव में गोविंदा ने कांग्रेस के बैनर तले मुंबई उत्तर लोकसभा से चुनाव लड़ा था। उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम नाईक को हराया। हालांकि, बाद में गोविंदा ने 2009 के लोकसभा चुनाव में चुनाव न लड़ने का फैसला करते हुए कांग्रेस पार्टी और राजनीति से नाता तोड़ लिया।
बीते हफ्ते गोविंदा की एकनाथ शिंदे से यह दूसरी मुलाकात की थी तब से ऐसी अटकलें लगाई जाने लगी की ‘हीरो नंबर वन’ अभिनेता एक बार फिर सियासी पारी खेल सकते हैं। बुधवार को शिंदे खेमे के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने लोकप्रिय अभिनेता से उनके आवास पर मुलाकात की। वहीं एनसीपी (शरद पवार) नेता जयंत पाटिल ने गोविंदा से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष किया।
पाटिल ने कहा, “वह एक लोकप्रिय अभिनेता नहीं हैं। एकनाथ शिंदे को एक ऐसे अभिनेता को लेना चाहिए था जिसकी लोकप्रियता हो। उन्हें एक अच्छे अभिनेता को लेना चाहिए था। मुझे लगता है कि एकनाथ शिंदे फिल्में नहीं देखते हैं। अगर वह फिल्में देख रहे होंगे, तो उन्हें पता चल जाएगा कि कौन बेहतर है अभिनेता।” महाराष्ट्र की 48 सीटों के लिए लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 20 मई के बीच पांच चरणों में होंगे और वोटों की गिनती 4 जून को होगी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
