डेस्क:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में युद्ध खत्म होने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने यह बात मिडिल ईस्ट के लिए रवाना होने से पहले कही। यहां पर इजरायल और हमास दो साल से ज्यादा चले युद्ध के बाद बंधकों को रिहा करेंगे। ट्रंप सबसे पहले इजरायल में रुकेंगे। यहां पर वह इजरायल की संसद को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति इजिप्ट के लिए रवाना होगें। यहां पर ट्रंप इजिप्ट के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के साथ गाजा शांति सम्मेलन की सह-मेजबानी करेंगे। इस दौरान दुनिया भर के कई अन्य नेता भी वहां मौजूद रहेंगे। यह लोग गाजा में युद्ध खत्म करने के ट्रंप के प्रयासों का समर्थन करेंगे।
मीडिया से क्या कहा
इजरायल के लिए रवाना होने से पहले ट्रंप ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब युद्ध खत्म हो चुका है। आप समझ रहे हैं ना? उन्होंने आगे कहा कि मिडिल ईस्ट की उनकी यह यात्रा बेहद खास है। इस खास पल के लिए सभी लोग बेहद उत्साहित हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसे एक बेहद अहम मौका बताया। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि गाजा का संघर्षविराम लंबा चलेगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हां, ऐसा होगा। मुझे लगता है लोग थक चुके हैं।
किस बात को लेकर निश्चित नहीं
ट्रंप ने आगे कहा कि वह इस बात को लेकर निश्चित नहीं हैं कि जब 20 जीवित इजरायली बंधकों को रिहा किया जाएगा तो वह वहां पर रहेंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि इन बंधकों की रिहाई काफी पहले हो जाएगी। यह लोग ऐसी जगहों पर रखे गए थे, जिनके बारे में आप जानना भी पसंद नहीं करते हैं। डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व दौरे के दौरान उनके साथ अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ, सीआईए प्रमुख जॉन रैटक्लिफ और शीर्ष अमेरिकी सैन्य अधिकारी डैन केन हैं।
क्या है गाजा शांति समझौता
गाजा शांति समझौते के पहले चरण में, हमास 7 अक्टूबर के हमले के दौरान अपहरण किए गए सभी इजरायली बंधकों को रिहा करेगा। इसके बाद इजरायल अपनी जेलों से लगभग 2,000 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा और गाजा पट्टी में सहायता सामग्री की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, समझौते के बाद के चरणों के बारे में विवरण अभी भी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हैं।
क्या बोले नेतन्याहू
इस बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे अपनी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पूरा देश बंधकों का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने एक साथ रहते हुए शानदार जीत हासिल की है। इस जीत ने पूरी दुनिया को आश्चर्यचकित किया है। लेकिन मैं आपको बता दूं कि लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। नेतन्याहू ने बाइबिल का हवाला देते हुए कहा कि यह एक भावुक, आंसुओं से भरी और साथ ही खुशी देने वाली शाम है। हमारे बच्चे अपने देश लौट रहे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
