स्पोर्ट्स डेस्क:रोहित शर्मा से हाल ही में भारतीय वनडे टीम की कप्तानी छीन ली गई। उनकी जगह शुभमन गिल को वनडे कप्तान नियुक्त किया गया है। वह भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान भी हैं। रोहित से कप्तानी छिनने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने हेड कोच गौतम गंभीर पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। तिवारी ने कहा कि गंभीर ने रोहित, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन को टेस्ट रिटायरमेंट का फैसला लेने के लिए मजबूर किया था। स्टार बल्लेबाज रोहित और विराट ने मई 2025 में टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी। दोनों टी20 इंटरनेशनल से भी रिटायरमेंट ले चुके हैं और सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं। वहीं, दिग्गज स्पिनर अश्विन ने दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अचानक रिटायरमेंट ले लिया था।
पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री तिवारी ने इनसाइडस्पोर्ट से कहा, “अगर सीनियर खिलाड़ी टीम में हैं, अगर अश्विन टीम में हैं, अगर रोहित और विराट टीम में हैं, जिन्होंने बहुत क्रिकेट खेला है, ये खिलाड़ी हेड कोच या बाकी स्टाफ से कहीं ज्यादा स्थापित हैं। अगर ये किसी बात पर सहमत नहीं होते तो ये लोग सवाल उठाते। उन्होंने बस यह सुनिश्चित किया कि ये खिलाड़ी टीम में न हों। मैंने देखा है कि जब से हेड कोच (गंभीर) की जिम्मेदारी संभाली है, तब से कई कंट्रोवर्सी पैदा हो चुकी हैं। कई चीजें जो हो रही हैं, वे भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छी नहीं हैं।” बता दें कि राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गंभीर ने जुलाई 2024 में टीम इंडिया के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली।
तिवारी ने कहा, ”मेरा मानना है कि जब से वह हेड कोच बने हैं, अश्विन ने संन्यास लिया। रोहित और विराट ने भी ऐसा किया। और भी कई चीजें हुई हैं, जैसे खिलाड़ियों को अप्रत्याशित रूप से टीम में शामिल किया जाना और फिर सीधे प्लेइंग इलेवन में चुने जाना। हमने देखा है कि गंभीर कंसिस्टेंट नहीं रहे हैं।” हालांकि, तिवारी को लगता है कि हेड कोच रोहित और विराट को आने वाले समय में वनडे टीम से बाहर नहीं करेंगे क्योंकि दोनों का इस फॉर्मेट में रिकॉर्ड शानदार है। रोहित और विराट ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक्शन में नजर आएंगे। भारत को 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध तीन वनडे खेलने हैं।
पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, “मेरा मानना है कि जो परिस्थितियां बनी हैं, जो माहौल बना है, जो दबाव इन खिलाड़ियों पर है, मुझे लगता है कि रोहित और विराट भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन सेवक रहे हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने अपना सबकुछ झोंक दिया है। अगर इन खिलाड़ियों को लगता है कि चीजें उनकी छवि को प्रभावित कर रही हैं और ड्रेसिंग रूम में उनकी जरूरत नहीं है तो वे संन्यास लेने पर विचार कर सकते हैं। मेरा मानना है कि वे खेलना चाहते हैं। मुझे लगता है कि गंभीर इन दोनों खिलाड़ियों को टीम में न शामिल करने का इतना बड़ा फैसला नहीं लेंगे, क्योंकि सीमित ओवरों के फॉर्मेट में दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अगर गौतम इन दोनों को वनडे वर्ल्ड कप 2027 की टीम में शामिल नहीं करते हैं तो यह वाकई एक गलत फैसला होगा।”













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
