बस्ती। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के 2027 वाले दावे का समर्थन किया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान ओपी राजभर बोले, 2017 में केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था। उस समय वह प्रदेश अध्यक्ष थे। तब एनडीए ने 325 सीटें जीती थीं। 2022 के विधानसभा चुनाव में हम साथ में नहीं थे तो 75 सीटें कम हो गईं। एक बार फिर से हम एनडीए के साथ हैं। मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा। कांवड़ यात्रा वाले मार्ग पर यूपी सरकार के आदेश को लेकर उठ रहे सवालों का भी राजभर ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, विपक्ष इसको लेकर भ्रम फैलाकर राजनीति कर रहा है।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर बस्ती पहुंचे थे। उन्होंने सर्किट हाउस में डीएम और एसपी के साथ बैठक की। बैठक के बाद मंत्री ने लोगों की फरियाद भी सुनी और समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत की। राजभर सुभासपा विधायक के पेपर लीक संबंधी सवाल पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि यह फर्जी खबर है। सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दिया है, नाम नहीं है। कहा कि वो 2009 का मामला है, समाजवादी पार्टी सरकार के समय का था। अखिलेश के टाइम का मामला है। कांवड़ यात्रा के दौरान दुकानदारों को नेम प्लेट लगाए जाने के फरमान पर विपक्ष के विरोध को लेकर कहा कि विपक्ष का काम है विरोध करना। सरकार का काम है काम करना।
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकार में दंगे होते थे। इस सरकार में दंगे हुए क्या। 2027 के विधानसभा चुनाव में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के 2017 जैसा प्रदर्शन किए जाने के दावे का भी समर्थन करते हुए कहा कि 2017 में डिप्टी सीएम प्रदेश अध्यक्ष थे, उन्ही के नेतृत्व में 325 सीटें आई थीं, बाद में मेरे हटने के बाद 75 सीटें कम हो गईं थीं। उपचुनाव को लेकर सीएम योगी द्वारा बनाए गए प्रभारी की लिस्ट में ओपी राजभर का नाम नहीं होने पर ओपी राजभर ने कहा कि सूची भाजपा की है न कि सुभासपा की। बस्ती में पिछले दिनों छात्र की हत्या के बाद लाश नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। उसके बाद गनेशपुर नगर पंचायत के मोहम्मदपुर में महिला मंच जिला उपाध्यक्ष बिलौता राजभर के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। बड़ेवन भटोलवा में मुखराम के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर ढांढ़स बंधाया।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
