नई दिल्ली। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में रविवार को भारी बारिश हुई। इससे विमानों की उड़ान बाधित हुई और शहर के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन 2 बार संक्षिप्त अवधि के लिए रोका गया। शाम 4 बजे तक कम से कम 15 उड़ानों का नजदीकी हवाई अड्डों की ओर मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। शहर में रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश के कारण रनवे पर आवाजाही दोपहर 12.12 बजे 8 मिनट के लिए और दोपहर 1 बजे से 1.15 बजे तक स्थगित कर दी गई। इंडिगो, एयर इंडिया, विस्तारा और अकासा की उड़ानों का मार्ग बदले गए।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अनुसार, शाम 4 बजे तक शहर में 82 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 96 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 90 मिमी बारिश हुई। पश्चिमी और मध्य रेलवे दोनों मार्गों पर उपनगरीय रेल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं। मानखुर्द, पनवेल और कुर्ला स्टेशन के पास जलभराव के कारण हार्बर लाइन पर ट्रेन 15 से 20 मिनट देरी से चलीं। शहर के कई हिस्सों में जलभराव के कारण कुछ बसों का रास्ता बदल दिया गया। यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि डीएन नगर में अंधेरी भूमिगत मार्ग को बंद कर दिया गया है। दक्षिण की ओर जाने वाले लोगों को गोखले ब्रिज और उत्तर की ओर जाने वाले लोगों को ठाकरे ब्रिज के रास्ते भेजा गया है। मध्य मुंबई के वडाला और माटुंगा में जलमग्न सड़कों पर कई वाहन फंसे गए।
हिमाचल प्रदेश में आंधी और बिजली गिरने की आशंका
इस बीच, मौसम विभाग ने उत्तर भारत को लेकर अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश को लेकर आईएमडी ने सोमवार और मंगलवार को आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। साथ ही, भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। जिन जिलों में बारिश का अनुमान है उनमें कांगड़ा (धर्मशाल, जयसिंहपुर), मंडी (सरकाघाट, धर्मपुर, स्लैपर, कोटली, मंडी, सुंदरनगर), हमीरपुर (सुजानपुर टीहरा, हमीरपुर), बिलासपुर (स्वारघाट, बिलासपुर), चंबा सोलन, शिमला, सिरमौर और कुल्लू शामिल हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
