डेस्क:कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत और ठिकाने को लेकर अनिश्चितता पर चिंता जताई है। पाकिस्तान में इसे लेकर चिंता की लहर तेज हो रही है। ऑनलाइन अटकलें, परिवार और पार्टी की अपीलों के बावजूद पाकिस्तानी अधिकारियों ने अब तक कोई साफ अपडेट नहीं दिया है। इमरान खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक हैं। अगस्त 2023 से वह जेल में हैं और भ्रष्टाचार के मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं। हाल के दिनों में उनकी हालत को लेकर अफवाहें तेज हो गई हैं, जिसमें कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया गया कि उन्हें हिरासत में मार दिया गया है। उनके परिवार और पार्टी नेताओं ने जीवित होने का सबूत मांगा है।
शशि थरूर ने कहा कि पाकिस्तान से कोई ऑफिशियल अपडेट न मिलने से स्थिति परेशान करने वाली है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि किसी दूसरे देश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। लेकिन यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है कि इस मामले पर इतनी खामोशी क्यों है।’ उन्होंने असत्यापित दावों से चिंता बढ़ने का जिक्र किया। थरूर ने कहा, ‘विभिन्न लोग दावा कर रहे हैं कि सबसे बुरी घटना हो चुकी है। लेकिन पाकिस्तान सरकार और अधिकारियों ने कुछ नहीं कहा। यह खामोशी बुरी है।’
शशि थरूर को किस बात की है चिंता
सीनियर नेता थरूर ने इमरान खान के बेटे कासिम खान की सार्वजनिक अपील का भी जिक्र किया, जिन्होंने अपने पिता के जीवित होने की पुष्टि मांगी है। शशि थरूर ने कहा, ‘आपने उनके बेटे का संदेश देखा होगा, जिसमें उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के जीवित होने का प्रमाण चाहते हैं। ऐसा लगता है कि अभी तक किसी ने कोई सबूत नहीं दिया है कि उनके पिता जीवित हों। यह चिंता का विषय है। मैं केवल एक साधारण भारतीय नागरिक के रूप में बोल रहा हूं, यह हमारी विदेश नीति का मामला नहीं है।’ उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान का आंतरिक मामला है। लेकिन एक इंसान दांव पर है। क्रिकेट प्रशंसक और अन्य लोग जानना चाहते हैं कि उस व्यक्ति के साथ क्या हुआ। आप किसी को जेल में डालकर गायब नहीं कर सकते।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
