डेस्क : हवाई यात्रा को अधिक किफायती और लचीला बनाने की दिशा में देश की प्रमुख बजट एयरलाइन इंडिगो ने एक नया किराया विकल्प पेश किया है। एयरलाइन ने ‘इंडिगो लाइट’ नाम से एक नई फेयर कैटेगरी लॉन्च की है, जो उन यात्रियों के लिए है जो केवल केबिन बैग के साथ यात्रा करते हैं और अतिरिक्त सेवाओं के लिए भुगतान नहीं करना चाहते।
इस नई योजना के तहत यात्रियों को कम बेस किराया दिया जाएगा। इसमें यात्रियों को 7 किलोग्राम तक केबिन बैगेज की अनुमति मिलेगी और सीट ऑटो-असाइन की जाएगी, जिसके लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। यदि यात्री चाहें तो चेक-इन बैगेज, सीट चयन, भोजन और अन्य सेवाएं अलग से खरीद सकते हैं।
एयरलाइन के अनुसार, यह किराया विकल्प खास तौर पर उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है जो हल्का सामान लेकर यात्रा करते हैं और केवल जरूरी सेवाओं के लिए ही भुगतान करना चाहते हैं। कंपनी का मानना है कि इससे यात्रियों को अपने यात्रा खर्च पर बेहतर नियंत्रण मिलेगा।
‘इंडिगो लाइट’ टिकट की बुकिंग 1 जुलाई 2026 से इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कस्टमर केयर चैनल्स के माध्यम से शुरू हो गई है। हालांकि, इस फेयर के तहत यात्रा 15 जुलाई 2026 से लागू होगी।
यह नया कदम एयरलाइन उद्योग में बढ़ती ‘अनबंडलिंग’ प्रवृत्ति का हिस्सा माना जा रहा है, जहां एयरलाइंस बेस किराया अलग रखकर सेवाओं को अलग-अलग चार्ज कर रही हैं ताकि यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनने की सुविधा मिल सके।
इसी तरह हाल के महीनों में अन्य एयरलाइंस भी लागत कम करने और बजट यात्रियों को आकर्षित करने के लिए नए प्रकार के बेसिक फेयर और नो-फ्रिल्स विकल्प पेश कर रही हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत