डेस्क : देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक रिलायंस इंडस्ट्रीज अपनी टेलीकॉम यूनिट जियो प्लेटफार्म्स को शेयर बाजार में उतारने की तैयारी तेज कर रही है। जानकारी के अनुसार, कंपनी इस संभावित आईपीओ के लिए कई प्रमुख निवेश बैंकों के साथ साझेदारी कर रही है। यदि यह योजना पूरी होती है, तो यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हो सकता है।
निवेश बैंकों को सलाहकार बनाया गया
सूत्रों के मुताबिक, आईपीओ की तैयारी के लिए कंपनी ने कई वैश्विक और भारतीय निवेश बैंकों को सलाहकार के रूप में चुना है। इनमें BofA सिक्योरिटीज, सिटीग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, जेएम फाइनेंशियल, कोटक महिंद्रा कैपिटल और मॉर्गन स्टेनली शामिल हैं। संभावना है कि आगे चलकर इस सूची में और सलाहकार भी जोड़ सकते हैं, ताकि आईपीओ की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सके।
मुकेश अंबानी की कंपनी का पहला बड़ा सार्वजनिक इश्यू
यह आईपीओ इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह लगभग दो दशकों में रिलायंस समूह की किसी बड़ी इकाई का पहला पब्लिक इश्यू होगा। जियो प्लेटफार्म्स आज देश की सबसे बड़ी वायरलेस टेलीकॉम कंपनी बन चुकी है और डिजिटल सेवाओं, इंटरनेट, क्लाउड व फिनटेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से विस्तार कर रही है।
170 अरब डॉलर तक का अनुमानित मूल्यांकन
बैंकिंग सूत्रों के अनुसार, जियो प्लेटफार्म्स का संभावित मूल्यांकन करीब 170 अरब डॉलर रखा जा सकता है। सरकार के नए नियमों के मुताबिक यदि कंपनी केवल 2.5% हिस्सेदारी बाजार में बेचती है, तो इस आईपीओ से लगभग 4.3 अरब डॉलर (करीब 35 हजार करोड़ रुपये) जुटाए जा सकते हैं। यही वजह है कि निवेशकों में इस इश्यू को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अगली प्रक्रिया
जैसे ही आईपीओ की शर्तें और संरचना तय हो जाएंगी, कंपनी भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल करेगी। हालांकि अभी टाइमलाइन और इश्यू के आकार में बदलाव की संभावना बनी हुई है, इसलिए अंतिम निर्णय में थोड़ा समय लग सकता है।
भारतीय आईपीओ बाजार में नई ऊर्जा
इस साल की शुरुआत में भारत के IPO बाजार में धीमी गति रही है। आंकड़ों के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही में आईपीओ से केवल 1.7 अरब डॉलर जुटाए गए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 2.3 अरब डॉलर था। ऐसे में यदि जियो प्लेटफार्म्स का IPO आता है, तो यह न केवल निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाएगा बल्कि भारतीय शेयर बाजार में नई ऊर्जा का संचार करेगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
