डेस्क:राजस्थान के जोधपुर में उस वक्त बड़े हादसे की आशंका उत्पन्न हो गई जब एक बुलडोजर को महिलाओं की भीड़ की ओर दौड़ा दिया गया। गनीमत रही कि इसमें कोई महिला कुचली नहीं गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में इस घटना को अंजाम दिया गया, लेकिन आरोपी जेसीबी चालक पर कोई ऐक्शन नहीं लिया गया है।
मामला जोधपुर के भावी गांव का है। पिछले दो दिनों की बारिश के बाद गांव में एक तालाब में पानी की निकासी को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। पानी निकासी के लिए नाला बनाया जा रहा था, लेकिन कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हो गईं थीं। इस बीच जेसीबी चालक ने अचानक भीड़ की ओर बुलडोजर को दौड़ाना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह एक बुलडोजर भीड़ में घुसता चला जाता है। कई महिलाएं इसके चपेट में आने से बाल-बाल बचीं। घटना के बाद लोग बेहद आक्रोशित हो गए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश करते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया। लोग तुरंत आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
