नई दिल्ली :उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित आठ राज्यों में कोहरा, शीतलहर, बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-NCR में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। इसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ा है। मौसम विभाग ने राजधानी क्षेत्र में ठंड बढ़ने और न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ठंडी हवाओं के साथ कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। पश्चिमी और मध्य यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। वहीं, बिहार में सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का असर तेज है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। किसानों को फसलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके चलते पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है और यातायात बाधित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

