डेस्क : राजस्थान के कोटा शहर में एक बीएससी छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार घटना आर.के. पुरम थाना क्षेत्र के रोजड़ी इलाके की है। मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है, जो बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि उसकी मां घर पर मौजूद थीं।
मां ने जब अनिल को भोजन के लिए आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा। वहां अनिल फंदे से लटका मिला। परिजन और पड़ोसी तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि छात्र पढ़ाई के साथ नौकरी भी करता था और पिछले कुछ समय से भविष्य तथा रोजगार को लेकर तनाव में था। हाल ही में वह अहमदाबाद में एक साक्षात्कार देकर लौटा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
