नई दिल्ली:देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को बुधवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि लालकृष्ण आडवाणी को देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह प्राइवेट वार्ड में भर्ती हैं। एम्स के यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर अमलेश सेठ उनका इलाज कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक उनकी नियमित जांच हो रही हैं। वह स्थिर हैं। परिजनों के मुताबिक वह ठीक हैं।
96 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उन्हें उन्हें उम्र संबंधित दिक्कतों को देखते हुए एहतियात के तौर पर भर्ती कराया गया है। लालकृष्ण आडवाणी भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं।हाल ही में लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद उनसे भाजपा के दिग्गज नेताओं ने मुलाकात की थी। इन मुलाकातों के दौरान आडवाणी सोफे पर बैठे नजर आए थे।
बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी को इसी साल 30 मार्च को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। आडवाणी की उम्र और गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके आवास पर प्रदान किया था। इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी मौजूद थे। इससे पहले साल 2015 में आडवाणी को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया था।
8 नवंबर 1927 को कराची में जन्मे लाल कृष्ण आडवाणी ने 1986 से 1990 तक, फिर 1993 से 1998 तक और 2004 से 2005 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह 1942 में स्वयंसेवक के रूप में आरएसएस में शामिल हुए। लगभग तीन दशकों के संसदीय करियर में उन्होंने महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले हैं। वह गृह मंत्री भी रहे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी (1999-2004) की कैबिनेट में वह उप प्रधानमंत्री रहे।
साल 2009 के चुनावों से पहले वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। साल 2009 के आम चुनावों में वह भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार रहे। हालांकि इन चुनावों में BJP को सफलता नहीं मिली। इसके बाद 15वीं लोकसभा में सुषमा स्वराज को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था। BJP को एक प्रमुख राजनीतिक दल के रूप में उभारने और उसे राष्ट्रीय स्तर तक लाने में लालकृष्ण आडवाणी का योगदान बेहद अहम माना जाता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
