डेस्क:यूपी के बागपत में सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार देर शाम महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसी चुनरी से खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। एक साथ चार मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम को भेजा है। दिल दहला देने वाली इस घटना का कारण पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया गया कि टीकरी कस्बे का रहने वाला विकास कश्यप पेशे से ड्राइवर है और दिल्ली में ट्यूरिस्ट बस चलाता है। उसने कई साल पहले पंजाब के जालंधर की रहने वाली तेज कुमारी से शादी की थी। शादी के बाद तेज कुमारी ने तीन बेटियों को जन्म दिया, इनमें सात साल की गुंजन, दो साल की कीटो व पांच माह की मीरा थी।
शादी के कुछ समय बाद से ही विकास और तेज कुमारी के बीच विवाद रहने लगा था। मंगलवार शाम उनके बीच विवाद इतना बढ़ गया कि तेज कुमारी ने अपने साथ तीनों बेटियों को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद तीनों बेटियों की अपनी चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी और उसी चुनरी से पंखे से फांसी लगा ली।
कुछ देर बाद विकास ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर विकास ने पुलिस को सूचना कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह जंगला तोड़कर अंदर का मंजर देखा तो रूह कांप गईं। तीनों बेटियों के शव चारपाई पर पड़े थे और तेज कुमारी का शव पंखे पर झूल रहा था। चार मौत की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ बड़ौत विजय कुमार का कहना है कि टीकरी कस्बे में एक महिला अपने तीन बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

