चंडीगढ़:पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने आज (गुरुवार, 28 मार्च) एक बेटी को जन्म दिया है। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भगवान ने बेटी का तोहफ़ा दिया है। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।” इसके बाद लोग उन्हें सोशल मीडिया पर ही बधाई देने लगे।
बुधवार की रात को मुख्यमंत्री की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर को अस्पताल में भर्ती किया गया था। इससे पहले मान ने 26 जनवरी को ही इस जानकारी को देशवासियों के साथ साझा किया था कि उनके घर जल्द किलकारी गूंजने वाली है। तब उन्होंने ट्वीट कर कहा था, “मेरे घर में भी मार्च महीने में खुशी आने वाली है। नया मेहमान घर में आ रहा है।”
बता दें कि 2022 में 7 जुलाई को सीएम भगवंत मान और डॉ. गुरप्रीत कौर की शादी चंडीगढ़ में एक सादे समारोह में हुई थी। उस शादी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और पार्टी के कुछ नेता शामिल हुए थे। सीएम की पत्नी गुरप्रीत कौर मूलत: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की पेहोवा की रहने वाली हैं। गुरप्रीत सीएम मान की दूसरी पत्नी हैं। पहली पत्नी से उनके दो बच्चे हैं। एक लड़का और एक लड़की, जो फिलहाल उनके साथ नहीं रहते हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
