स्पोर्ट्स डेस्क : शोएब अख्तर ने टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की हार के बाद दिए अपने तीखे बयान से यू-टर्न ले लिया है। पहले उन्होंने ऑन एयर मोहसिन नकवी को ‘जाहिल’ और ‘नाकाबिल’ कहकर आलोचना की थी, लेकिन अब उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके शब्द किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं थे, बल्कि व्यापक संदर्भ में कहे गए थे।
पाकिस्तानी चैनल ARY News पर बातचीत के दौरान अख्तर ने कहा कि उनके बयान को गलत ढंग से पेश किया गया। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “मैंने जो ‘नाकाबिल और जाहिल’ शब्द इस्तेमाल किए, वे मोहसिन नकवी भाई के लिए नहीं थे। ऐसा लगा जैसे मैंने ये शब्द उनके लिए कहे हों, जबकि मैं पाकिस्तान में खेल प्रशासन के बड़े परिप्रेक्ष्य की बात कर रहा था। मेरा इशारा उन शीर्ष अधिकारियों की ओर था जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को संचालित करते हैं।”
‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर पूर्व तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि उसी कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा था कि नकवी के बारे में गलत बातें नहीं करनी चाहिए। अख्तर के मुताबिक, “वह अच्छे इंसान हैं और पाकिस्तान क्रिकेट की मदद करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही सलाह नहीं मिल रही।”
हालांकि, अख्तर ने यह भी स्वीकार किया कि वह नकवी से नाराज जरूर हैं, मगर इसकी वजह अलग है। उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत के बहिष्कार को लेकर लिए गए रुख से पीछे हटने पर उन्हें आपत्ति थी। अख्तर का कहना है कि जब एक बार कोई स्टैंड लिया जाता है तो उस पर कायम रहना चाहिए। “पूरी कम्युनिटी उनके साथ थी। अगर वह यूटर्न लेना चाहते थे तो मुझसे चर्चा कर सकते थे,” उन्होंने जोड़ा।
गौरतलब है कि भारत से मिली हार के बाद एक भारतीय चैनल पर बातचीत में अख्तर ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था कि किसी नाकाबिल व्यक्ति को बड़ी जिम्मेदारी देना सबसे बड़ा अपराध है। इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया था, जिस पर अब उन्होंने सफाई पेश की है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

