बलरामपुर:सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को बलरामपुर के छोटा परेडग्राउंड में लोकसभा प्रत्याशी राम शिरोमणि वर्मा और गैसड़ी विधानसभा प्रत्याशी राकेश यादव के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने केवल उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया लेकिन गरीबों के बारे में कभी नहीं सोचा। नौजवानों को नौकरी के लिए तरसा दिया। सूबे की सरकार ने नकलचियों के नाम पर 11 परीक्षाएं रद्द कर दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण को खत्म करने की साजिश में भाजपा जुटी है। जो सरकार बाबा साहब के संविधान की रक्षा नहीं कर सकती उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। जो सरकार बाबा साहब के संविधान को मिटाने पर तुली हो उसने वोट लेने का हक खो दिया है। भाजपा ने गरीबों के घरों पर बुल्डोजर चलवाया, लेकिन प्रतियोगी परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक करने वालों पर समुचित कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि चार चरण के चुनाव में देश की जनता ने भाजपा को बुरी तरह पराजित किया है। यह बात भाजपा वालों को पता चल चुकी है। चौथे चरण के बाद भाजपा की जुबान बदल गई है। भाजपा को पूरे देश में 143 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी। भाजपा का चुनावी रथ फंसा नहीं बल्कि दलदल में धंस चुका है। बीजेपी ने दस साल के बीच किसानों से झूठा वादा किया। उनके हित की बात कभी नहीं की। किसानों की आय दोगुनी करने की बात करने के बाजाए भाजपाईयों ने महंगाई बढ़ाकर उनकी कमर तोड़ दी है। भाजपा काला कानून लाकर किसानों के साथ धोखा कर रही थी लेकिन किसानों ने दिल्ली तक संघर्ष कर काला कानून वापस करा दिया। एमएसपी की मांग किसान करते रहे लेकिन उसे लागू नहीं किया गया। फसलों की कीमत नहीं बढ़ाई गई। किसानों की जमीन पर भाजपा कब्जा करना चाहती है। कानून बनाकर किसानों की जमीन को कब्जा करने की साजिश हो रही है।
किसानों के हित की बात करना भूल गई भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि खेती किसानी में लागत बढ़ी है, अन्न का मूल्य नहीं बढ़ा। भाजपा ने किसानों को नैनो यूरिया खरीदने पर मजबूर कर दिया। तमाम उद्योगपति कर्ज लेकर विदेश भाग गए। बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर दिया गया। किसानों के हित की बात करना भाजपा भूल गई है। उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ रुपए का कर्ज सरकार ने माफ किया है, लेकिन किसानों की कर्ज माफी नहीं हुई। गरीबों के राशन की बोरी पर भाजपा ने डकैती की है। उनके बोरी से पांच किलो चोरी शुरू कर दस किलो तक पहुंचा दिया। सपा की सरकार आई तो डाटा व गरीबों के लिए आटा फ्री होगा। गरीबों के राशन से कटौती नहीं की जाएगी।
गांवों तक एंबुलेंस पहुंची तो खत्म हुई सामंतवादी व्यवस्था
सपा सुप्रीमो ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश को एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई। जब से सरकारी एंबुलेंस की सुविधा गांवों में उपलब्ध हो गई है तब से देश में सामंतवादी व्यवस्था खत्म हो गई। पुलिस सहायता के लिए डायल 100 को भाजपा ने लोगों की नजरों में गुमराह कर 112 कर दिया। भाजपा ने हवाई अड्डा, बंदरगाह को बेच दिया। अब आरक्षण खत्म करने की बारी है। सपा की सरकार बनी तो शिक्षामित्रों को न्याय मिलेगा। संविधान व लोकतंत्र बचाने के लिए समाजवादी पार्टी को वोट करें।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
