नोएडा में पिज्जा दुकान के एक कर्मचारी द्वारा कथित रूप से पिज्जा बेस पर थूकने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-22 स्थित चौड़ा गांव की एक पिज्जा दुकान में काम करने वाले युवक का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। वीडियो में युवक पिज्जा बेस तैयार करते समय उस पर थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मामले की सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुजम्मिल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि वह थूक नहीं रहा था, बल्कि आटे की अतिरिक्त परत हटाने के लिए फूंक मार रहा था।
नोएडा पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद लोगों ने खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और रेस्तरां में गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर चिंता व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

