नई दिल्ली:असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर शनिवार को निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल अपनी रैलियों में भारत के बजाय चीन का संविधान दिखा रहे हैं। भाजपा नेता ने दावा किया कि राहुल गांधी जो किताब दिखा रहे हैं वह मूल चीनी संविधान की तरह लाल कवर वाली है, जबकि मूल भारतीय संविधान पर नीला कवर है। सरमा ने एक्स पर लिखा, ‘राहुल अपनी सभाओं में भाग लेने वालों को लाल चीनी संविधान दिखा रहे हैं।’
इसके जवाब में कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि लाल कवर वाला संविधान एक खास संस्करण है, जिसे राष्ट्रपति और केंद्रीय गृह मंत्री समेत शीर्ष भारतीय नेता प्रस्तुत कर चुके हैं। सरमा ने कहा कि नीले रंग के भारतीय संविधान में राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांत नामक एक अध्याय शामिल है, जिसके तहत हमारे देश में समान नागरिक संहिता लागू करना एक पवित्र कर्तव्य है; राहुल अब इसका विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए मुझे लगता है कि उनके हाथ में दिखने वाला संविधान चीनी है।
इंटरनेट यूजर्स ने हिमंता के दावे पर उठाए सवाल
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की तस्वीरें साझा कीं। इनमें वही भारतीय संविधान दिख रहा है, जो गांधी अपनी सभाओं में दिखाते हैं। वहीं, राहुल गांधी ने आज एक जनसभा में कहा कि हमारा लक्ष्य इस संविधान की रक्षा करना है। उन्होंने कहा, ‘अगर संविधान चला गया, जो कि बीजेपी और पीएम मोदी चाहते हैं… तो पहला काम इस संविधान की रक्षा करना है क्योंकि यही आपका भविष्य है, आपका सपना है और आपकी दिल की आवाज है।’ उन्होंने कहा कि 2-3 बुद्धिजीवियों और पत्रकारों ने मुझे लिखा और सार्वजनिक घोषणाएं कीं। उन्होंने नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखकर कहा कि लोकतंत्र में बहस होनी जरूरी है और आपको राहुल गांधी के साथ बहस करनी चाहिए। मैं तैयार हूं, नरेंद्र मोदी जहां चाहें मुझसे बहस कर सकते हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
